
जमशेदपुर : टाटा स्टील और जापान की कंपनी निप्पन स्टील की संयुक्त उपक्रम जमशेदपुर कंटीन्यूअस एनीलिंग एंड प्रोसेसिंग कंपनी (जेसीएपीसीपीएल) की अधिकृत यूनियन ‘जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन’ के 10 साल पूरे हो गए हैं. इसको लेकर यूनियन की ओर से जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में जेसीएपीसीपीएल के एमडी अभिजीत नानोती, टाटा स्टील के चीफ पीपुल ऑफिसर (सीपीओ) अतरई सान्याल, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, जेसीएपीसीपीएल कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अकिहिको तानीगुची, जेसीएपीसीपीएल के सीएचआरओ विकास कुमार, जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष शहनवाज आलम समेत अन्य लोग मौजूद थे. दस साल पूरे होने पर कंपनी के पूर्व एमडी सह टिनप्लेट के इआइसी उज्जवल चक्रवर्ती समेत तमाम पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान प्रबंधन और यूनियन के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि विश्वास सबसे बड़ी पुंजी है. चाहे मजदूरों के बीच हो या फिर कस्मटर के बीच, सबमें विश्वास जरूरी है. उन्होंने तकनीक के इस्तेमाल और एआइ के बढ़ते इस्तेमाल पर बताया कि तकनीक के कारण नौकरी का पैटर्न बदलेगा, लेकिन नौकरियां नहीं जायेगी. उन्होंने बताया कि मौजूदा युद्ध के हालात के कारण कंपनी पर बोझ बढ़ गया है. परिवहन व्यवस्था से लकेर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बाजारों में बदलाव आ गया है, जिससे कंपनी का मुनाफा घटा है कब तक यह स्थिति रहेगी, यह कहा नहीं जा सकता है. लेकिन हमको अपनी क्वालिटी और प्रोडक्टिविटी को बनाये रखने की जरूरत है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि यूनियन और मैनेजमेंट का संबंध काफी गहरा है और ऐसे संकट के वक्त में एक दूसरे का हाथ पकड़कर चलने की जरूरत है. इस मौके पर कार्यक्रम का संचालन टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष सह जेसीएपीसीपीएल यूनियन के कार्यकारी अध्यक्ष शहनवाज आलम ने किया जबकि स्वागत भाषण जेसीएपीसीपीएल यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने दिया. धन्यवाद ज्ञापन जेसीएपीसीपीएल कंपनी के सीएचआरओ विकास कुमार ने दिया.



