सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में शनिवार को हुई एक सड़क दुर्घटना ने राहगीरों को दहशत में डाल दिया. कांड्रा-सरायकेला मार्ग स्थित चाडरी मोड़ के पास एक पिकअप वैन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी. बताया जा रहा है कि वाहन कांड्रा की ओर से आ रहा था और उसमें बड़ी मात्रा में थिनर लोड था. हादसे के बाद वाहन में लदे थिनर के ड्रम सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. थिनर जैसे ज्वलनशील पदार्थ के सड़क पर फैल जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गयी. घटना के बाद मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और राहगीरों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया. (नीचे भी पढे़ं)
हालांकि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में लाया गया. लोगों के सहयोग से पलटे हुए वाहन को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका. इधर घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर खतरनाक और ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन में बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे मामलों में सख्त नियमों के पालन और निगरानी की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.














