मेदिनीनगर (पलामू) : गुरुवार को अपने आवासीय कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए महापौर अरुणा शंकर ने बताया एक सप्ताह के अंदर शहर की सफाई एवं पानी पर एक विशेष बैठक निगम के उप महापौर, पार्षद गण एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ की जाएगी ताकि पीने के पानी और सफाई की व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके. महापौर ने कहा कि निगम क्षेत्र में सफाई एवं वाटर ब्लॉकेज को देखते हुए कुछ जनहित में नालियों के ऊपर एनक्रोचमेंट एवं वाटर ब्लॉकेज पर कड़े फैसले लेने होंगे तो भी लिए जाएंगे.महापौर ने कहा कि उन्होंने महसूस किया है कि गत 3 वर्षों में निगम की जारी कार्य प्रणाली में आज कई चीजों में सुधार करने की आवश्यकता है, जिसमें माह दो माह लग सकते हैं, लेकिन व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी. मैं निरंतर यह प्रयास कर रही हूं हम सभी लोग मिलजुल कर सामूहिक प्रयास के बल पर निगम को स्मार्ट निगम की ओर ले जाएं. (नीचे भी पढ़े)
हमारे मेदिनीनगर नगर निगम की भी पूरे प्रदेश व देश में अच्छी रेटिंग हो. इस ओर मैंने प्रयास करना भी शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में मेरा प्रयास है कि आपके स्मार्ट मोबाइल के जरिए निगम की हर समस्या और समाधान आपकी मुट्ठी में हो. मैं बड़े शहरों की तर्ज पर ऐप्स डेवलप करवाने की दिशा में जरूरी पहल कर रही हूं ताकि आप अपनी समस्या को आसानी से रजिस्टर्ड कर सकें और निगम के लोग एक निश्चित टाइम फ्रेम में उसका समाधान कर एप्स के माध्यम से आपको वापस सूचना दे सकें. आप इस एप्स के माध्यम से सफाई, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, पानी की शिकायत, होल्डिंग टैक्स, कमर्शियल टैक्स, मोहल्ले में लावारिस कुतो की शिकायत, लावारिस पशुओं की शिकायत, मोहल्ले में पड़े कूड़े, सफाई कर्मचारी के नियमित रूप से डोर-टू-डोर न आने की शिकायत करने के अलावा विकास कार्यों में सुधार हेतु अच्छे सुझाव भी दे सकेंगे. आपकी शिकायत और समाधान संबंधित वार्ड के पार्षद से लेकर पदाधिकारी तक अपने मोबाइल में देख कर टाइम फ्रेम में समाधान की पहल करेंगे.(नीचे भी पढ़े)
साथ ही मैं स्वयं इसकी मॉनिटरिंग करूंगी कि किस कर्मी के क्षेत्र में ज्यादा समस्या दूर नहीं की जा रही है, उस पर एक्शन भी लिया जाएगा. महापौर ने बताया कि जल्द ही ट्रैफिक और पार्किंग पर जन चौपाल लगाने जा रही हूं, जिसमें शहर के सामाजिक संस्थाओं के अलावा बुद्धिजीवी वर्ग के लोग अपनी राय देंगे और हमारी टीम उस पर कार्य करेगी.महापौर ने कहा कि इन दिनों शहर में सबसे ज्यादा शिकायत आवास निर्माण पर निगम कर्मियों द्वारा पैसा वसूलने की आ रही है, जिस पर जल्द निर्णय लिया जाएगा और इसका समाधान निकाला जाएगा. महापौर ने कहा कि वार्ड समिति का गठन होते ही रोड और नाली का निर्माण भी प्रारंभ कर दिया जाएगा.











