रामगोपाल जेना / केरा : कोल्हान के ऐतिहासिक मां केरा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक मद से दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया. इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक सुखराम उरांव ने विधिवत पूजा-अर्चना कर योजनाओं की आधारशिला रखी. शिलान्यास की गयी योजनाओं में ब्राह्मणी नदी तट पर सीढ़ी नुमा घाट का निर्माण तथा मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन सह शौचालय निर्माण कार्य शामिल हैं. दोनों योजनाएं विशेष रूप से मेला एवं पूजा के दौरान आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होंगी. इन योजनाओं का कार्यान्वयन ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम के दौरान विभाग के सहायक अभियंता ई केके भगत एवं कनीय अभियंता ई. प्रकाश उरांव उपस्थित रहे. शिलान्यास समारोह में केरा मेला संचालन समिति एवं प्रबंधन समिति के सदस्य, साथ ही विधायक प्रतिनिधि मिथुन गागराई, गुड्डू सिंह समेत शेषनारायण लाल, रंजीत मंडल अप्पू, गोनू निराकार सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. विधायक सुखराम उरांव ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास उनकी प्राथमिकता है और इन योजनाओं से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा.











