रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर: चक्रधरपुर नगर पर्षद के वार्ड संख्या 7 और 8 की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए दिलीप साव स्मृति भवन में संयुक्त रूप से जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस पहल के साथ-साथ स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लोगों के बीच डस्टबिन का भी वितरण किया गया. जनता दरबार में दोनों वार्डों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पेंशन सहित अन्य जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जानकारी प्राप्त की. कई लोगों ने मौके पर ही आवेदन जमा किए, जिससे उन्हें त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में नगर पर्षद के उपाध्यक्ष सह वार्ड 7 के पार्षद विजय कुमार साव और वार्ड 8 के पार्षद संजय पासवान सहित नगर पर्षद के कर्मचारी पंकज राम, अंचल कार्यालय के कर्मचारी इंद्रजीत प्रधान, राजेश गुप्ता, संदीप साव, अभय साव, रिक्की छावड़ा और मानू पासवान समेत कई लोग मौजूद रहे. उपाध्यक्ष विजय कुमार साव ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. साथ ही डस्टबिन वितरण के जरिए स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि वार्ड को साफ और सुंदर बनाया जा सके. पार्षद संजय पासवान ने कहा कि स्वच्छता और जनसेवा दोनों ही उनकी प्राथमिकता में शामिल हैं. डस्टबिन वितरण से लोगों में सफाई के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी और वार्ड को स्वच्छ रखने में सहयोग मिलेगा. जनता दरबार के साथ डस्टबिन वितरण की पहल ने वार्ड 7 और 8 में समस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वच्छता को भी नई दिशा देने का काम किया है.











