जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय (बीएड) की ओर से सामुदायिक सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें बीएड प्रथम सेमेस्टर की छात्राओं ने शहर के विभिन्न विशेष विद्यालयों एवं वृद्धाश्रमों में सेवा कार्य संपन्न किए. इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं ने बिष्टुपुर स्थित नॉर्दर्न टाउन के “स्कूल ऑफ होप”, सोनारी “बाल विहार”, बारीडीह “मूक-बधिर सिद्धेश्वर स्कूल” एवं “आदर्श वृद्धाश्रम” में जाकर सेवा कार्य किये. छात्राओं ने समूहों में विभाजित होकर विशेष बच्चों के शैक्षणिक एवं मानसिक विकास के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित कीं, जिनमें पेपर कटिंग, चित्रांकन, आर्ट एंड क्राफ्ट कार्यशालाएं एवं क्विज प्रतियोगिताएं शामिल थीं.(नीचे भी पढ़ें)

वृद्धाश्रम में छात्राओं ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताया, उनके अनुभव सुने एवं भावनात्मक सहयोग प्रदान किया. साथ ही, जलपान एवं आवश्यक वस्तुओं का वितरण भी किया गया. यह कार्यक्रम शिक्षा संकाय की प्राध्यापिकाओं- डॉ त्रिपुरा झा, डॉ अरुणिमा कुमारी, डॉ सुप्रिया लक्ष्मी मिश्रा, डॉ सुधा सिंह दीप, डॉ अंजनी कुमारी, डॉ नीलम कुमारी सिंह, आशा कुमारी, विनीता कुमारी, श्यामला, डॉ कविता सिंह एवं डॉ अनिता कुमारी के निर्देशन में संपन्न हुआ. इसमें शिक्षा संकाय की कोऑर्डिनेटर डॉक्टर कामिनी कुमार एवं एचओडी डॉ संजय भुइयां ने भी अहम योगदान किया. (नीचे भी पढ़ें)

करीब 100 छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा. इस पहल ने छात्राओं को सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय मूल्यों एवं समावेशी शिक्षा के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया. विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस प्रकार के कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, जिससे समाज के प्रत्येक वर्ग तक सकारात्मक शैक्षणिक एवं मानवीय योगदान पहुंचाया जा सके.











