बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के भूतिया काजू जंगल में हाथियों के एक बड़े झुंड की मौजूदगी ने स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है. लगभग 12 से अधिक हाथियों का यह दल वर्तमान में घाघरा क्षेत्र के समीप डेरा जमाए हुए है, जो रात होते ही भोजन और पानी की तलाश में मटिहाना-चाकुलिया मुख्य मार्ग पर उतर आता है. हाथियों के इस मूवमेंट से न केवल राहगीरों में भय व्याप्त है, बल्कि किसानों को अपनी फसलों और घरों की सुरक्षा की चिंता सता रही है. (नीचे भी पढ़ें)

स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम मुस्तैद है और हाथियों को रिहायशी इलाकों से दूर खदेड़ने का निरंतर प्रयास कर रही है. विभाग ने सार्वजनिक चेतावनी जारी करते हुए ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और वन्यजीवों को किसी भी तरह से न उकसाने की सलाह दी है. वहीं, प्रभावित ग्रामीणों ने सरकार से केवल निगरानी के बजाय इस मानव-हाथी संघर्ष का कोई ठोस और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है.











