चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कुचियाशोली पंचायत के पांडराशोली गांव में रविवार की शाम आकाशीय बिजली की चपेट में आकर 72 वर्षीय लक्ष्मण महाली की मौत हो गई. इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मण महाली रविवार को अपने दैनिक कार्य के तहत गांव के समीप बकरी चरा रहे थे, इसी दौरान अचानक मौसम में परिवर्तन हुआ और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें उपचार के लिए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकुलिया पहुंचाया, जहां उपस्थित चिकित्सकों ने आवश्यक जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना पाकर भाजपा युवा नेता चंदन महतो,ठाकुरदास गोप, शंकर नाथ,पापुन दास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्याप्त की और गहरा दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को शीघ्र आपदा राहत कोष के अंतर्गत निर्धारित मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि इस कठिन समय में मृतक के परिवार को आर्थिक मदद मिल सके.




