जमशेदपुर : जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बी.पी.एड कोर्स के प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं का चल रहा छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हो गया. फैकल्टी ऑफ एजुकेशन की कोऑर्डिनेटर डॉ कामिनी कुमारी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में छात्राओं ने स्विमिंग, बास्केट बॉल एवं वॉलीबॉल का प्रशिक्षण प्राप्त किया. समापन सत्र में जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हेड कैप्टन मनीष सिंह एवं टाटा स्टील हेल्थ एंड वेलनेस स्पोर्ट्स डिवीजन के मैनेजर डॉ हसन इमाम मलिक उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं को वॉलीबॉल का प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय कोच राजीव मिश्रा ने दिया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बीपीएड कोर्स कर रही प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं को प्रशिक्षकों द्वारा इन सभी खेलों का प्रशिक्षण एवं नियमों को विस्तार पूर्वक जानकारी दिलाना था. (नीचे भी पढ़ें)

समापन के दौरान कैप्टन मनीष सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम से बीपीएड कर रही छात्राओं को खेलों की जानकारी बेहतर तरीके से मिलती है एवं आधुनिक तकनीकों एवं खेल कौशलों को सीखने में सहयोग मिलता है. डॉ मलिक ने कहा कि बीपीएड की छात्राओं को इस प्रशिक्षण से बहुत ही लाभ मिला और सभी खेलों के अनुभवी राष्ट्रीय कोचों के द्वारा विभिन्न खेलों की तकनीकों की जानकारी दी गई. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीपीएड के विभागाध्यक्ष डॉ सजीत कुमार महतो, सहायक प्राध्यापक गोपाल चक्रवर्ती, डॉ हेमंत कुमार, डॉ सौरव मंडल एवं कंप्यूटर ऑपरेटर राजकुमार कुंकल ने अहम भूमिका निभाई.











