जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने मंगलवार को सख्त कार्रवाई की है. सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर पोटका थाना और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में प्रभावी सूचना के आधार पर छापामारी अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

पोटका थाना अंतर्गत लोवाडीह गांव में गणेश पात्रो के घर और उसके सामने संचालित किराना दुकान की तलाशी ली गई. इस दौरान विभिन्न ब्रांड की लगभग 10.260 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई. हालांकि, छापामारी से पहले रास्ता अवरुद्ध होने के कारण आरोपी मौके से फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गढ़ाबासा रोड स्थित एक संवेदनशील इलाके में छापेमारी कर राजकुमार सिंह के घर से करीब 15.960 लीटर अवैध विदेशी शराब और 10 लीटर अवैध चुलाई शराब जब्त की गई. इस दौरान छापामार दल की तत्परता से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. उत्पाद विभाग ने दोनों मामलों में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है.



