जमशेदपुर: बिरसानगर क्षेत्र में बन रहे प्रधानमंत्री आवास योजना के 200 से ज्यादा लाभार्थी रविवार की सुबह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर पहुंचे. लोगों ने श्री राय से अपना दर्द साझा किया. उनसे कहा कि उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है. किराये के मकान में रह रहे हैं. पीएम आवास योजना का पूरा पैसा जमा कर देने के बावजूद सरकार ने अभी तक उनके मकान की चाबी उन्हें नहीं दी. इससे उनकी माली हालत और खराब होती जा रही है. जिन लोगों ने बैंकों से कर्ज ले रखा है, बैंक वाले लगातार उनकी ईएमआई काट रहे हैं. किराया जा रहा है, सो अलग.
इनकी बातों को सुनने के बाद वहां मौजूद मीडिया से सरयू राय ने कहा कि बिरसानगर क्षेत्र में 21 ब्लॉक बनने थे. मात्र दो ब्लॉक ही बने हैं. दो ब्लॉक में लोगों को मकान भी अलॉट हो चुके हैं. लोगों ने बिजली के लिए आवेदन भी कर दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)

लोग चाहते हैं कि वे अपने घर में जाएं. लोगों को किराया देना पड़ रहा है. बैंक कर्ज की किस्त भी देनी पड़ रही है. सरकार को लगता है मानो सांप सूंघ गया है. ये लोग पहले भी उनके पास आए थे. उन्होंने जेएनएसी के उपनगर आयुक्त से बात की. सचिव और विभागीय मंत्री से भी बात की. सभी ने कहा कि दो-तीन दिनों में बताते हैं. मंत्री ने कहा कि सरकारी काम है, थोड़ा लेटलतीफ तो हो ही जाता है. श्री राय ने मंत्री से कहा कि थोड़ा-बहुत नहीं, बहुत विलंब हो चुका है. इनका धैर्य जवाब दे रहा है. श्री राय ने कहा कि जो मकान लेने के हकदार हैं, उनके अनुसार, 6 मई को गृह प्रवेश पूजा के लिए मुहूर्त अच्छा है. इसी तारीख को वो अपने घर की गृहप्रवेश पूजा करना चाहते हैं. इस संबंध में जब श्री राय ने उपनगर आयुक्त से बात की तो उन्होंने कहा कि जुडको ने अभी तक उन्हें हैंडओवर किया ही नहीं है. ये तो नई समस्या है. जुडको मकान बना कर अपनी पॉकेट में रखे हुए है. सभी से बात हो गई. अब सिर्फ मुख्यमंत्री बचे हैं. सोमवार को प्रत्यायुक्त (विधानसभा) समिति की बैठक है. वह मंत्री-मुख्यमंत्री सभी लोगों से मिलने का प्रयास करेंगे और उनसे कहेंगे कि आप ऑनलाइन उद्घाटन कर दें. (नीचे भी पढ़े)
जो करना हो कर दें, पर ये लोग 6 मई को बेहतर मुहूर्त में वहां पूजा करना चाहते हैं. ये लोग पूजा करेंगे तो इनकी सुविधा के लिए वह (श्री राय) शामियाना लगवा देंगे, पंडित जी की व्यवस्था कर देंगे, कुर्सी-टेबल लगवा देंगे, पूजन सामग्री की व्यवस्था करवा देंगे. सरकार के पास यह संवाद पहुंचेगा तो देखना होगा कि सरकार क्या निर्णय लेती है.सरयू राय ने कहा कि इन लोगों ने उन्हें बताया कि जो मकान इन्हें अलॉट किये गए हैं, वो टूटने भी लगे हैं. ये दुर्भाग्य की बात है कि झारखंड में प्रधानमंत्री आवास को लेकर ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है. देश के अन्य राज्यों में तो ऐसी स्थित है नहीं. झारखंड में ही ऐसा क्यों हो रहा है? वह जब जमशेदपुर पूर्वी के विधायक थे, उसी वक्त काम प्रारंभ हुआ था. हम लोग हर हफ्ते जाकर निर्माण कार्य की जांच करते थे. आज मकान बन कर तैयार है. लोग अपने ही मकान में प्रवेश के लिए प्रतीक्षारत हैं. इन्हें अपने घर में जाने में सरकार बाधा क्यों उत्पन्न कर रही है? वह (सरयू राय) सिर्फ इनकी सहायता कर रहे हैं.







