रामगोपाल जेना/मनोहरपुर : विधायक जगत माझी ने गुरुवार को बजट सत्र के दौरान सदन में मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के किसानों द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में मनोहरपुर लैम्पस में धान अधिप्राप्ति संबंधी भुगतान अबतक नहीं किये जाने का मामला उठाया. विधायक ने मामले को सरकार के समक्ष उठाते हुए किसानों की बकाया राशि के भुगतान की मांग की. इसपर विभागीय मंत्री ने लिखित जवाब में कहा है कि राशि की वसूली के लिए मनोहरपुर लैम्पस के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनियुक्त क्रय पदाधिकारी (जनसेवक) पर प्राथमिकी एवं नीलाम पत्रवाद दर्ज किया गया है. संबंधित लैम्पस से राशि की वसूली होते ही संबंधित किसानों को भुगतान कर दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक के प्रश्न के उत्तर में सरकार ने जानकारी दी कि मनोहरपुर प्रखण्ड अन्तर्गत खरीफ विपणन मौसम 2022-23 में मनोहरपुर लैम्पस में 213 किसानों से 18,250.00 क्विंटल धान का क्रय किया गया था. 213 किसानों को प्रथम किस्त (न्यूनतम समर्थन मूल्य का 50 प्रतिशत) की राशि 1,86,15,000/- रुपये का भुगतान कर दिया गया है. 136 किसानों को द्वितीय किस्त के रूप में न्यूनतम समर्थन मूल्य की शेष 50 प्रतिशत राशि 1,31,60,244/ रुपये एवं बोनस की राशि के रूप में 1,29,022/- रुपये का भुगतान भी कर दिया गया है. प्रथम किस्त के रूप में न्यूनतम समर्थन मूल्य के 50 प्रतिशत राशि का भुगतान किसानों को धान अधिप्राप्ति के समय किया जाता है तथा द्वितीय किस्त के रूप में न्यूनतम समर्थन मूल्य की शेष 50 प्रतिशत राशि तथा बोनस की राशि का भुगतान सम्बद्ध राइस मिल/धान के भण्डारण हेतु जिले में चिह्नित गोदाम में भेजे जाने के उपरांत किया जाता है. संबंधित लैम्पस द्वारा मात्र 12,907.20 क्विंटल धान सम्बद्ध राइस मिल को उपलब्ध कराया गया एवं शेष 5,342.80 क्विंटल धान लैम्पस द्वारा सम्बद्ध राइस मिल को उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके कारण 77 किसानों की द्वितीय किस्त के 55,08,234/- रुपये का भुगतान लंबित रह गया है.



