रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में आदिवासी किसान मजदूर पार्टी द्वारा 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की गयी है. पार्टी ने पथ निर्माण विभाग, मनोहरपुर में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं व्यापक घोटाले का आरोप लगाया है. भूख हड़ताल के दौरान विभाग के कार्यपालक अभियंता सुरेश कुमार सुमन, कनीय अभियंता दुर्लभ सुरीन तथा चपरासी संजय कुमार पर गंभीर आरोप लगाए गए. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि विभागीय कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए. आंदोलन की शुरुआत आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष जॉन मीरन मुंडा एवं जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया की मौजूदगी में हुई. (नीचे भी पढ़ें)

दोनों नेताओं ने आरोप लगाया कि संवेदकों और विभागीय अभियंताओं की मिलीभगत से विभाग में भारी गड़बड़ी हुई है. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए. नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के एक चपरासी को नाजिर का कार्यभार सौंप दिया गया है, जिसकी भी जांच आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विभाग में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी. भूख हड़ताल में शामिल लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.







