रामगोपाल जेना/चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में होली एवं रमजान के मद्देनजर विधि-व्यवस्था संधारण के उद्देश्य से समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कुलदीप चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई. बैठक में बताया गया कि आगामी 14 मार्च को होली है तथा उससे पूर्व 13 मार्च को होलिका दहन होगा. साथ ही, अभी मुस्लिम समुदाय का रमजान महीने में रोजा भी चल रहा है. उक्त के संदर्भ में उपायुक्त ने सभी अनुमंडलाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में निरंतर भ्रमणशील रहकर सारी गतिविधियों पर निगरानी रखने एवं आयोजन दिवस से पूर्व सभी स्थानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)

उपायुक्त ने कहा कि इस दौरान पदाधिकारी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन के साथ ही स्थानिक जन प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद करने को कहा. उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी/पुलिस पदाधिकारियों के साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी/थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संचालित व्हाट्सएप ग्रुपों में प्रसारित होने वाली सूचनाओं तथा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों का अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया. बैठक में उपायुक्त ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य केंद्रों को क्रियाशील रखने, एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ ही चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी को नियमित रूप से सभी होटल, मिठाई दुकानों आदि की गहन जांच करने का भी निर्देश दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पर्व/त्योहारों के दौरान आयोजित होने वाले समारोहों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने सभी तंत्रों को क्रियाशील रखने को कहा ताकि किसी भी आसूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. साथ ही, मामले एवं संपादित कार्रवाई की जानकारी जिला स्तर पर भी अविलंब प्रेषित करने को कहा. उन्होंने इस दौरान घटित होने वाली हर गतिविधि की नगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा. इसके अलावा विभिन्न स्तरों पर गठित शांति समितियों के सदस्यों से लगातार बात कर स्थानिक माहौल को सौहार्दपूर्ण बनाए रखने एवं सदस्यों के नंबर को भी अपने थानों के कंट्रोल रूम में संग्रहित करने को कहा ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में उनसे संपर्क स्थापित किया जा सके.



