चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित टोंटो थाना क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है जहां सुरक्षा बलों की टीम ने नक्सलियों द्वारा उन्हें लक्षित कर लगाया गया 3 किलो का आइईडी विस्फोटक बरामद किया है. सुरक्षा दस्ते ने बरामद आइईडी विस्फोटक को सुरक्षा की दृष्टि से वहीं नष्ट करा दिया है. इस प्रकार सुरक्षा बलों को क्षति पहुंचाने की नक्सलियों की एक और साजिश नाकामयाब हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)

मालूम हो कि पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस लंबे समय से सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर एवं कोबरा बटालियन के साथ पहाड़ी वन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से नक्सल विरोधी अभियान चला रही है. उधर नक्सली सुरक्षा बलों को निशाना बनाने तथा उन्हें क्षति पहुंचाने के लिए तरह-तरह की साजिशें रचते आ रहे हैं. सुरक्षा बलों की टीमें जिले के सारंडा वन क्षेत्र में नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए लगातार अभियान चला रही हैं. इसी क्रम में रविवार, 9 मार्च को पूर्वाह्न ग्यारह बजे के करीब टोंटो थाना क्षेत्र जीमकीइकीर वन ग्राम के आसपास के पहाड़ी जंगलों में गश्त के लिए निकले थ. इसी दौरान उन्होंने नक्सलियों द्वारा उनको लक्षित कर लगाया गया 3 किलो का आइईडी विस्फोटक बरामद किया. बाद में सुरक्षा की दृष्टि से विस्फोटक को वहीं नष्ट करा कर नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया.



