पोटका: पोटका में भाजपा नेताओं के संरक्षण में जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा अवैध कारोबार किया जा रहा है, जिससे राज्य सरकार को प्रतिमाह करोड़ों के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है. झामुमो अब यह बर्दाश्त नहीं करेगा. उक्त बातें झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, सुनील महतो आदि ने हाता में आयोजित प्रेसवार्ता आयोजित कर कही. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में क्षेत्र के विभिन्न क्रशर प्लांटों से बिना चालान के हाइवा के माध्यम से गिट्टी लेकर जमशेदपुर ले जाया जा रहा है. वही पड़ोसी राज्य ओड़िशा से अंधाधुंध बालू की ढुलाई भी बिना चालान के की जा रही है. (नीचे भी पढ़े)
इसके अलावे क्षेत्र में मुख्य सड़कों पर अवैध रूप से टाल बना वाहनों से रॉड आदि की कटिंग हो रही है बड़े बसों का संचालन बिना परमिट के हो रहा है. उन्होंने कहा कि जल्द झामुमो कार्यकर्ता क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों पर पारंपरिक तीर धनुष से लैस होकर अवैध रूप से संचालित हो रहे वाहनों को रोक इसकी जांच कर प्रशासन को इसकी सूचना देकर कार्रवाई की मांग करेगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कुछ भाजपा नेताओं द्वारा झामुमो पर अवैध धंधों मे लिप्त होने का आरोप लगाया जा रहा है उन्हें यह जानकारी होनी चाहिए कि झामुमो के लोग सिर्फ मजदूरी का कार्य करते है. अवैध धंधों में पूंजीपतियों का हाथ होता है जिन्हें भाजपा का संरक्षण प्राप्त होता है. प्रेस वार्ता में सुधीर सोरेन, सुनील महतो, चंद्रावती महतो, भुवनेश्वर सरदार, रजनी षाडंगी, जमाल खान, जिगरूल होड़ा, भुगलु टुडू आदि उपस्थित थे.



