जमशेदपुर: लोको रेक्रिएशन क्लब के तत्वावधान में इस साल रेलवे लोको कॉलोनी में सात दिवसीय पूजा 30 अप्रैल से 6 मई तक होने जा रहा हैं. इसके लिए आयोजन समिति क़े सदस्य जोर शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं. पहाड़ी पूजा महोत्सव 2025 क़े सफल आयोजन के लिए 23 फरवरी को लोको कॉलोनी पहाड़ी पूजा मंडप में एक आमसभा रखा गया था. इस सभा में सर्वसम्मति से वर्ष 2024 में पूजा संम्पन कराने वाली समिति पर विश्वास जताते हुए कुछ परिवर्तन कर पुनः पुराने समिति को बहाल कर दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
विदित हो कि रेलवे लोको कॉलोनी में वर्ष 1954 से पहाड़ी पूजा का आयोजन होता आ रहा है. वर्ष 1985 से यह पूजा लोको रेक्रिएशन क्लब के तत्वावधान में किया जाता है. यहां सात दिनों तक मां पहाड़ी की पूजा की जाती है. पूजा के पहले दिन लोको कॉलोनी से भक्तों की टोली मां पहाड़ी को लाने के लिए गोलपहाड़ी स्थित मंदिर जाते हैं और फिर वहां से माता को लाकर पूजा मंडप में स्थापित कर दिया जाता है.इसके बाद पांच दिनों तक प्रतिदिन संध्या समय मां पहाड़ी अपने सात बहनों के साथ नगर भ्रमण पर निकलती है. इस दौरान रास्ते में जगह-जगह माता के भक्त उनका चरण पखारकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं.इसके बाद पूजा के सातवें व अंतिम दिन मां पहाड़ी को धूमधाम से विदाई दी जाती है. विदाई जुलूस में रंगारंग झांकी का समावेश होता है.




