जमशेदपुर : राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुधवार को टाटानगर स्थित बहु-विषयक मंडल प्रशिक्षण संस्थान, दक्षिण पूर्व रेलवे में रेलवे कर्मचारियों के लिए जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिला नोडल पदाधिकारी डॉ मृत्युंजय धावड़िया ने तंबाकू सेवन से होने वाले मुंह व फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग समेत गंभीर बीमारियों की जानकारी देते हुए बताया कि हर साल देश में 13.5 लाख लोगों की असमय मौत तंबाकू सेवन के कारण हो रही है. सोशल वर्कर कुंदन कुमार ने कोटपा-2003 के प्रावधानों की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जिला परामर्शदाता मौसमी चटर्जी ने कार्यस्थल को तंबाकू मुक्त बनाने और लोगों को जागरूक करने की अपील की. सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने हृदयाघात, आग लगने और अचानक बेहोश होने जैसी आपात स्थितियों में प्राथमिक बचाव एवं तत्काल सहायता का प्रशिक्षण दिया. कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस दौरान प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे.












