मेदिनीनगर (पलामू) : आगामी 24 मार्च 2025 को रांची विधानसभा घेराव को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव सह पूर्व विधायक उम्मीदवार रूचिर कुमार तिवारी ने प्रेस रिलीज जारी किया है. इसके माध्यम से उन्होंने कहा है कि झारखंड विधानसभा का चुनाव संपन्न होने के बाद भी राज्य सरकार ने जनता से किया हुआ अपना वादा पूरा नहीं किया, वहीं डाल्टनगंज के भाजपा के विधायक और सांसद निकम्मा बनकर बैठे हुए हैं. पलामू जिले के मंत्री भी सिर्फ अफसर तक ही सीमित रह गए हैं. आम जनता को रोजगार देने, खेती की व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं शहरी पेयजल योजना की कमी को दूर करने व इस जटिल समस्या से निजात दिलाने, खास महल भूमि का फ्री होल्ड करने, घर बनाने के लिए बालू को सुलभ एवं फ्री करने, कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना करने सहित जनहित में एक भी काम नहीं किया जा रहा है, बल्कि पलामू सहित झारखंड खनिज संपदाओं से भरे पूरे होने के बावजूद भ्रष्टाचार के चारागाह का अड्डा बना हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
छात्र, नौजवानों को रोजगार एवं बेरोजगारी भत्ता के नाम पर भी यह सरकार कुछ नहीं कर रही है. ऐसी स्थिति में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, पलामू जिला परिषद पूरे पलामू प्रमंडल सहित झारखंड के कोने-कोने से हजारों नौजवान 24 मार्च को रांची विधानसभा का घेराव करेंगे. आप तमाम किसान, मजदूर छात्र, नौजवान साथियों, मैंया सम्मान योजना के लाभान्वित राशि से वंचित महिलाएं हजारों की संख्या में 24 तारीख को अपने हक एवं अधिकार की रक्षा के लिए रांची चलें एवं विधानसभा गेट में ताला लगाने का काम करें. इसमें वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता सूर्यपत सिंह, कृष्ण मुरारी दुबे, समसुद्दीन अंसारी, अभय कुमार भूइंया, प्रेमचंद तिवारी, चंद्रशेखर तिवारी, आलोक कुमार तिवारी, योगेंद्र सिंह, रामजीत राम प्रभु कुमार शर्मा, श्रद्धानंद तिवारी अजेश कुमार चौहान, सहित अन्य लोगों का हस्ताक्षर शामिल है.



