सरायकेला: सरायकेला खरसावां के जिला एसपी मुकेश कुमार लुणायत के निर्देशन में बुधवार देर रात जिले में स्पेशल कॉम्बिंग अभियान चलाया गया. इसके तहत कांडों के वांछित अपराधियों, वारंटियों और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी रात अभियान चलाया गया. इसमे सरायकेला एवं चांडिल एसडीपीओ, सभी इंस्पेक्टर के साथ कुल 27 टीम बनाई गयी, जिसमें 185 पुलिसकर्मियों को लगाया गया. एसपी खुद इसका मोनिटरिंग कर रहे थे. उन्होंने आदित्यपुर में मोर्चा संभाल रखा था और पूरी रात 27 टीमों की गतिविधियों की जानकारी और उपलब्धियों की जानकारी लेते रहे. इस नए प्रयोग में कुल 13 गिरफ्तारियां हुई. साथ ही आर्म्स एक्ट के 45, एनडीपीएस के 27, हत्या के 8, उत्पाद अधिनियम के 26, संपत्ति मूलक कांडों के 6 एवं नक्सल कांडों के आरोपियों के सम्बंध में जानकारी ली गयी. (नीचे भी पढ़ें)

इससे पहले सभी टीमों को ब्रीफ किया गया कि कैसे अभियान चलाना है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रात में अपराधियों की गतिविधियों की निगरानी करना और जितने भी फरार वारंटी और वांछित अपराधी हैं उनके विषय में भौतिक सत्यापन करना और उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करना है. इसके लिए 27 टीमों द्वारा अलग- अलग थानांतर्गत 100 से अधिक स्थानों पर छापामारी करते हुए कुल 13 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. साथ ही अलग- अलग कांडों के 132 अपराधियों का सत्यापन किया गया. इस अभियान के तहत आदित्यपुर से छः, कपाली से पांच, कांड्रा से एक, आरआईटी से एक वारंटी की गिरफ्तारी हुई है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में एनडीपीएस एक्ट, हत्या का प्रयास, चोरी एवं लूट एवं वारंटी है. उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार चलेगा इसके लिए सभी संबंधित थाना प्रभारी को निर्देश जारी कर दिया गया है. बता दें कि अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं. इसमें उन्हें सफलता भी मिल रही है. यही वजह है कि जिले में अपराध के ग्राफ में न केवल कमी आई है बल्कि बड़े-बड़े अपराधी आज की तारीख में सलाखों के पीछे हैं और जो बचे हैं वे भूमिगत हो गए हैं.



