आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 22 स्थित अटल पार्क के संचालन को लेकर पिछले संवेदक बीएम इंटरप्राइजेज के पीछे हटने के बाद मंगलवार को फिर से बोली लगी, जिसे सर्वाधिक 79.60 लाख की बोली लगाकर राजमणि इंटरप्राइजेज ने अगले तीन साल के लिए अटल पार्क के संचालन का ठेका हासिल करने में सफलता हासिल की है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि पिछले संवेदक के पीछे हटने के बाद फिर से टेंडर निकाला गया था, जिसमें कुल चार संवेदकों ने हिस्सा लिया. इनमें ओम इंटरप्राइजेज 79.55 लाख, जय माता दी 79.15 लाख और सेवा सदन ने 73.75 लाख की बोली लगाई. अंततः राजमणि इंटरप्राइजेज ने सर्वाधिक बोली लगाकर टेंडर अपने नाम कर लिया. मालूम हो कि पिछली बार हुए टेंडर में बीएम इंटरप्राइजेज ने सर्वाधिक 1.04 करोड़ की बोली लगाई थी, मगर उसने समय पर तय राशि का भुगतान नहीं किया जिसके बाद नगर निगम की ओर से 90 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए री-टेंडर निकाला गया. साथ ही, बीएम इंटरप्राइजेज को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पिछली बार राजमणि इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर मनमोहन सिंह 1.3 करोड़ की बोली लगाकर दूसरे स्थान पर रहे थे, मगर इस बार उन्होंने बाजी मार ली. इसके साथ ही अटल पार्क का ठेका राजमणि इंटरप्राइजेज को मिल गया है. इसमें बुकिंग के लिए एक फ्लोर के लिए 15 हजार और 18 % जीएसटी एवं 1% लेबर सेस पार्टी को देना होगा. दोनों फ्लोर लेने पर यह राशि दुगनी हो जाएगी. बीड के बाइलॉज के हिसाब से अटल पार्क के भवन के अलावा किचन एवं लॉउंज भी दिया जाएगा. इसके लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जायेगा. संवेदक की ओर से अटल पार्क बुक कराने वालों से पार्क घूमने का शुल्क नहीं लेने की घोषणा की गई है.




