आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 34 के बाबाकुटी रोड नंबर एस-2 के जर्जर नाले और ब्रांच रोड की दुर्दशा की जानकारी मिलने और स्थानीय लोगों के बुलावे पर शुक्रवार को आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का आकलन कर मौके से ही नगर निगम के प्रशासक और कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात की एवं वस्तु स्थिति का जायजा लेते हुए दुर्गा पूजा से पूर्व काम शुरू करने की मांग की. स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त नाला और सड़क का टेंडर हो चुका है बावजूद इसके 5 महीने से काम लंबित पड़ा है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस पर नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि संवेदक को बुलाया गया है जल्द ही इसका समाधान कर दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पुरेन्द्र नारायण सिंह ने कहा कि यह हास्यास्पद प्रसंग है. टेंडर और एग्रीमेंट होने के बाद भी यदि काम शुरू नहीं होता है तो इसे विभागीय विफलता समझा जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रशासक से उनकी फोन पर बात हुई है, उन्होंने भरोसा दिलाया है कि दुर्गा पूजा में काम हर हाल में शुरू कर दिया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पुरेन्द्र ने कहा यदि काम शुरू नहीं होता है तो इसकी शिकायत ऊपर के अधिकारियों को की जाएगी. स्थानीय लोगों ने पुरेन्द्र के प्रयास की सराहना की.




