सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम में सोमवार को डिप्टी मेयर (उपनहापौर) पद के लिए हुए चुनाव में जबरदस्त गहमागहमी के बीच अंकुर सिंह विजयी घोषित किए गए. अंकुर सिंह पूर्व विधायक अरविंद सिंह उर्फ़ मलखान सिंह के भतीजे है और स्वर्गीय प्रवीण सिंह के बेटे है. इस चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहां अंकुर सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी अर्चना सिंह को मात्र एक वोट के बेहद मामूली अंतर से हराया. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कुल 35 वार्ड पार्षदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतगणना के बाद सामने आए परिणाम के अनुसार अंकुर सिंह को 18 वोट मिले, जबकि अर्चना सिंह को 17 वोट प्राप्त हुए. (नीचे भी पढ़ें)

इस तरह अंकुर सिंह ने एक वोट से जीत दर्ज कर आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर कब्जा जमाया. चुनाव प्रक्रिया को प्रशासन की कड़ी निगरानी में पूरी तरह पारदर्शी और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराया गया. सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई थी, ताकि मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके. जीत के बाद नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने सभी पार्षदों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर निगम क्षेत्र का समग्र विकास करना और आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार एक वोट के अंतर से मिली यह जीत इस बात का संकेत है कि सदन में दोनों पक्षों के बीच मुकाबला बेहद कड़ा और रोमांचक रहा.



