जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी के भूगोल विभाग की ओर से स्नातकोत्तर सेमेस्टर – 4 की 65 छात्राओं ने 17 से 23 मार्च तक उत्तराखंड का शैक्षणिक भ्रमण पूरा किया. इस दौरान छात्राओं ने नैनीताल, कौसानी और रानीखेत के प्रमुख स्थलों का गहन अध्ययन किया. छात्राओं ने नैनीताल में नैनी झील के अलावा नैनी देवी मंदिर के भी दर्शन किये, जो धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है. मॉल रोड पर घूमते हुए उन्होंने स्थानीय बाजार और संस्कृति का भी अनुभव प्राप्त किया. गोलू देवता मंदिर , नीम करोली कैंची धाम मंदिर, सरिता ताल, हिमालयन एडवेंचर पार्क आदि स्थलों का भी भ्रमण किया. कौसानी में छात्राओं ने अनासक्ति आश्रम का दौरा किया, जहां महात्मा गांधी ने ‘अनासक्ति योग’ लिखा था. इसके अलावा, छात्राओं ने कौसानी टी एस्टेट में चाय उत्पादन की प्रक्रिया को भी नजदीक से देखा. हिमालय की बर्फीली चोटी नंदा देवी के साथ ही रानीखेत में छात्राओं ने कालिका मंदिर, गोल्फ कोर्स में प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया. (नीचे भी पढ़ें)
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने हिमालय क्षेत्र की स्थलाकृति, जलवायु परिवर्तन, पारिस्थितिकी एवं पर्यटन के प्रभावों का प्रत्यक्ष अध्ययन किया. इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, कृषि प्रणाली और जल संसाधनों के प्रबंधन पर शोध भी किया. विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया डॉ अंजिला गुप्ता ने इस शैक्षणिक यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि इस भ्रमण से छात्राओं को कक्षा में पढ़ाए गए सिद्धांतों को वास्तविक जीवन में समझने का अवसर मिला. इस तरह के भ्रमण के माध्यम से प्राप्त अनुभव उनके शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.




