जमशेदपुर : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यावसायिक प्रबंधन संकाय की ओर से बैंकिंग क्षेत्र में समकालीन डिजिटल परिवर्तन विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई. कार्यशाला में विभिन्न बैंकों के शीर्ष अधिकारियों ने छात्राओं को डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से अवगत कराया. कार्यशाला का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया. उन्होंने बैंक द्वारा प्रदत्त डिजिटल सेवाओं के सकारात्मक तथा नकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया. कार्यशाला में अतिथियों का स्वागत वाणिज्य संकायाध्यक्ष डॉ. दीपा शरण तथा विभागाध्यक्ष डॉ कामिनी कुमारी ने किया. इसके पश्चात विभागाध्यक्ष डॉ कामिनी कुमारी ने कार्यशाला का विषय प्रवेश कराते हुए डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के महत्त्व से छात्राओं को अवगत कराया. सर्वप्रथम कार्यक्रम के विषय को बैंक ऑफ़ बड़ौदा के क्षेत्रीय व्यवसायिक विकास प्रबंधक मानस पटनायक ने छात्राओं को बताया. मुख्य वक्ता बैंक ऑफ़ बडौदा, जमशेदपुर शाखा के क्षेत्रीय डिजिटल प्रबंधक सुरेंद्र सिन्हा ने बैंक की विभिन्न डिजिटल सेवाओं, जैसे – क्लाउड कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन, एपीआइ, यूपीआइ, आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्य वक्ता के रूप में आइसीआइसीआइ बैंक, बिष्टुपुर के शाखा प्रबंधक दिलीप कुमार गोराइ ने बैंक की प्राचीन सेवाओं तथा वर्तमान डिजिटल सेवाओं का तुलनात्मक विवरण प्रस्तुत करते हुए अन्य देशों की तुलना में भारतीय बैंकों की डिजिटल सेवाओं को बेहतर बताया. इसके उपरांत विक्रय प्रबंधक अभिषेक कुमार ने डिजिटल फ्रॉड के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की. कार्यशाला के अंत में बैंक अधिकारियों तथा छात्राओं के बीच इंटरैक्शन भी हुआ.





