बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड की मुटुरखाम पंचायत के मुटुरखाम गांव से सटे साल जंगल से पत्ता तोड़ने गयी बुधनी सोरेन की हाथी के हमले से मौत हो गयी है. मिली जानकारी के अनुसार बुधनी सोरेन गांव की अन्य दो महिलाओं के साथ साल जंगल से साल पत्ता तोड़ने गयी थी, इसी बीच बुधनी हाथी के सामने आ गयी. हाथी ने बुधनी सोरेन को जंगल में पटक-पटक कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
बुधनी पर हाथी द्वारा हमला करने के पश्चात दो अन्य महिलाएं किसी तरह जंगल से जान बचाकर गांव पहुंची और इसकी सूचना लोगों को दी. सूचना पाकर बुधनी के परिवार के लोग और ग्रामीण घटना स्थल पहुंचकर घायल बुधनी को जंगल से बाहर लाकर भाड़े की वाहन से उसे उपचार के लिए बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया है. घटना की सूचना पाकर वन विभाग के कर्मी सीएचसी पहुंचकर मामले की जानकारी ली.














