गुमला: गुमला जिले के एनएच-23 पर कुसुंबाहा मोड़ के पास एक सड़क हादसा हुआ. बीएसएनएल टावर का सोलर सामान ले जा रही पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे नीचे दबकर एक 14 साल के किशोर की मौत हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार भगत टोली के विनोद लोहरा अपने बेटे विवेक लोहरा को स्कूल छोड़ने के लिए बाइक से रांची जा रहे थे. इसी दौरान रांची की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप वैन का अचानक टायर फट गया और वह पलट गयी. बाइक सवार पिता-बेटा इसकी चपेट में आ गए. हादसे में बेटा वाहन के नीचे दब गया, जबकि पिता सड़क किनारे जा गिरे. स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को पिकअप के नीचे से निकलाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया. बच्चे की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-23 को जाम कर दिया. करीब आधे घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही. ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवाजा देने की मांग कर रहे थे. घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कंचन प्रजापति और अंचल कर्मी बलराम भगत मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवार को तुरंत 10 हजार रुपये की सहायता राशि दी. इस दौरान ग्रामीणों ने 10 लाख रुपये मुआवजा, अबुआ आवास योजना का लाभ और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा. पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.




