मेदिनीनगर (पलामू) :डॉ भीम राव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर बेरोजगार संघर्ष मोर्चा के जिला कार्यालय में दलितों की दशा एवं दिशा पर एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की. संचालन संजय कुमार ने किया. सर्वप्रथम डॉ भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई. इस मौके पर मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने कहा कि झारखंड में दलितों की स्थिति काफी खराब है, जबकि राज्य में दलितों की संख्या14 प्रतिशत है. इतनी बड़ी आबादी को सरकार द्वारा उपेक्षित किया जा रहा है. झारखंड में दलितों को आरक्षण 10 प्रतिशत मिलता है, जबकि उनकी जनसंख्या 14 प्रतिशत है. राज्य में अनुसूचित जाति विकास निगम फंड के अभाव में दम तोड़ रहा है.(नीचे भी पढ़े)
निगम में न तो पदाधिकारी कर्मचारी पदस्थापित हैं, न ही सरकार द्वारा फंड मिलता है. फंड के अभाव में निगम दम तोड़ रहा है. इसी तरह अनुसूचित आयोग का गठन 2018 में हुआ है, लेकिन आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और न हीं सचिव हैं. आयोग पूरी तरह मृत प्राय हो गया है. अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृति नहीं मिल पाता है. साथ ही छात्रावासो की हालत अत्यंत जर्जर है. अनुसूचित जाति आवासीय बालक एवं बालिका विद्यालयों में शिक्षकों का घोर अभाव है तथा भवन भी जर्जर है. अनुसूचित जाति के पढ़े-लिखे लोग पलायन कर रहे हैं. झारखंड सरकार दलितों की उपेक्षा कर रही है. इस पर सरकार को गंभीरतापूर्वक पहल करनी चाहिए.इस अवसर पर जयपाल मोची, कृष्णा राम, उदेश कुमार राज, यशवंत कुमार, उमेश पासवान, राजू राम, उपेंद्र रजक, संजय बैठा, संजय मिस्त्री, ब्रह्मदेव राम व शिव राम ने अपने विचार व्यक्त किए. संजय मिस्त्री ने धन्यवाद ज्ञापन किया.




