देवघर : महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मां पुष्पा सेवा संस्थान ट्रस्ट की ओर से देवघर के संग्रामलोढ़िया में सिलाई प्रशिक्षण अभियान आयोजित किया गया. ट्रस्ट की सचिव और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर ऋतु सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई. इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की महिलाओं को सिलाई का कौशल सिखाकर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करना है. इस अभियान के तहत महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई जैसे व्यावहारिक हुनर सीखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. ट्रस्ट का मानना है कि इस तरह के प्रशिक्षण से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं और परिवार की आय में योगदान दे सकती हैं. (नीचे भी पढ़े)
इस अवसर पर ऋतु सिंह ने महिला सशक्तीकरण के लिए कौशल विकास को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि महिलाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम किया जा सकता है. सिलाई प्रशिक्षण से महिलाएं अपने कौशल के आधार पर रोजगार के विकल्प तलाश सकती हैं. मां पुष्पा सेवा संस्थान ट्रस्ट शिक्षा, कौशल विकास और महिला सशक्तीकरण के माध्यम से जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य करने की बात कहता है. ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य संग्रामलोढ़िया और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ना है.












