रामगोपाल जेना/चाईबासा : चाईबासा में बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी की ओर से एक सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विगत दिनों रामनवमी के अवसर पर निकली भव्य शोभा यात्रा के दौरान साहसिक प्रदर्शन करने वाली दुर्गा वाहिनी की नन्ही बच्चियों को सम्मानित किया जाएगा. ध्यान रहे कि शोभायात्रा में दुर्गा वाहिनी की नन्ही बच्चियों ने जो साहसिक एवं अद्भुत प्रदर्शन किया, उसने न सिर्फ उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया, बल्कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना को भी बल प्रदान किया. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार, 16 अप्रैल को संध्या 6:00 बजे से स्थानीय पिल्लई हॉल मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उक्त साहसी बालिकाओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शोभायात्रा में उत्साह, अनुशासन और संस्कृति का अद्वितीय परिचय दिया. इसके साथ ही, कार्यक्रम को और सांस्कृतिक रंग देने के लिए समारोह के दौरान एक सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा. उक्त सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों, बच्चों और स्वयं दुर्गा वाहिनी की सदस्यों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य, और धार्मिक नाट्य प्रस्तुतियाँ भी की जाएंगी, जो रामनवमी की भावना को पुनः जीवंत करेंगी. आयोजन में धर्म, संस्कृति और नारी शक्ति का संगम देखने को मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
बजरंग दल और दुर्गा वाहिनी के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चियों का उत्साहवर्धन करने एवं आयोजन को सफल बनाने की अपील की है. यह न केवल सामाजिक समरसता का परिचायक होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगा.



