जमशेदपुर : कृषि उत्पादन बाजार समिति समस्याओं से ग्रसित है. इन समस्याओं के समाधान के लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स लगातार प्रयत्नशील है. समस्याओं के मकड़जाल में फंसी बाजार समिति के व्यापारियों को अब एक नई समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है. कृषि उत्पादन बाजार समिति की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड मुहैया कराने वाली एजेंसी ने समिति से करार समाप्त हो जाने के बाद अपने सुरक्षा गार्ड्स को वापस बुला लिया है. इसके कारण परसुडीह बाजार समिति अब सुरक्षा विहीन हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संदर्भ में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की को पत्र लिख कर बाजार समिति में सुरक्षा बहाल कराने की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि बाजार समिति में लगभग 150 दुकानें एवं गोदाम हैं. बाजार समिति में दो प्रवेश द्वार हैं. पहले इन द्वारों पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहते भी दुकानों में चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. असामाजिक तत्व रात के अंधेरे में समिति की दीवार फांद कर गोदामों के ताले एवं दीवार तोड़कर चोरी कर लेते थे. मंडी में सुरक्षा गार्ड होने से इन तत्वों पर थोड़ा अंकुश लगता था, परन्तु अब सुरक्षा गार्डों के हटा लिये जाने के बाद से यहां के असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ जाएगा. इसी आशंका से व्यापारी भयभीत हैं. समिति के व्यापारी अब भगवान भरोसे हैं. समिति में कभी भी चोरी की बड़ी वारदात घट सकती है. (नीचे भी पढ़ें)
श्री मोदी ने मांग की कि इस विकट परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार को त्वरित निर्णय लेकर व्यापारिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बाजार समिति में अविलंब सुरक्षा गार्ड की तैनाती की जाय एवं समिति क्षेत्र के मुख्य स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं ताकि समिति की सुरक्षा चाक चौबंद हो सके.




