रांची/जमशेदपुर : सोने की कीमतें हर रोज रिकॉर्ड बना रही हैं. सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार में मचे हाहाकार और डॉलर इंडेक्स में आई गिरावट के बीच सोना ने फिर तगड़ी छलांग लगाई और मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स पर कारोबार की शुरुआत होने के साथ ही ये 1700 रुपये से ज्यादा की बढ़त के साथ 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के पार निकलकर नए ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया. घरेलू मार्केट में भी सोने का भाव 98000 रुपये के आस-पास है. तो वहीं घरेलू मार्केट में सोने का भाव 1 लाख रुपये के पार निकल गया. एमसीएक्स पर सोमवार को तेज बढ़त के बाद मंगलवार को भी सोने के दाम तेजी के साथ ओपन हुए. 5 जून की एक्सपायरी वाला गोल्ड 98551 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर ओपन हुआ और खुलने के बाद एक झटके में उछलकर 99,178 रुपये प्रति 10 ग्राम के लाइफ टाइम हाई पर जा पहुंचा. दो दिन में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना की कीमत 3,924 रुपये बढ़ गया है. बता दें कि बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन गुरुवार को ये 95,254 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं अंतरराष्ट्रीय मार्केट में गोल्ड रेट 3475 डॉलर प्रति औंस के हाई तक पहुंच गई है. बीते छह कारोबारी दिनों में सोने की कीमतों में करीब 6000 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की गई है. बीते सप्ताह के पहले दिन सोमवार 14 अप्रैल को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने का वायदा भाव 93,252 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था, जो कि 22 अप्रैल को 99,178 रुपये पर पहुंच गया. इस हिसाब से कैलकुलेशन करे तो छह कारोबारी दिनों में 10 ग्राम गोल्ड का रेट 5,926 रुपये महंगा हुआ है. जमशेदपुर में भी रेट 1 लाख रुपये के पार पहुंच गया है. नये रेट के अनुसार, मंगलवार 22 अप्रैल को 24 कैरेट गोल्ड की कीमत 1 लाख 200 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया. वहीं, 22 कैरेट के सोने की कीमत 92200 रुपये हो गयी. 18 कैरेट सोने की कीमत 75700 रुपये प्रति दस ग्राम हो गयी. चांदी भी लगातार बढ़ती जा रही है. चांदी की कीमत जमशेदपुर और आसपास के इलाके में 990 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया है.











