
चाकुलिया : चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच सुनसुनिया जंगल के पास बीती शाम रेलवे ट्रैक पर हाथी को देखे जाने की सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग के पदाधिकारी को दी. हाथी के आने की सूचना पाकर आसपास के गांव के ग्रामीण मशाल और टॉर्च लेकर हाथी की निगरानी कर रहे हैं. वहीं वन विभाग और रेलवे कर्मी भी हाथी पर नजर बनाए हुए हैं. वन विभाग ने रेलवे ट्रेक किनारे जंगल में 10 हाथी के रहने की लिखित सूचना दी है. सूचना पाकर रेलवे के पदाधिकारियों ने ट्रेन की रफ्तार धीमी रखते हुए और हॉर्न बजाते हुए जंगल से गुजरने का आदेश दिया है. बीती रात जमशेदपुर से खड़गपुर जाने वाली लोकल पैसेंजर ट्रेन भी 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार में जंगल से गुजरी. वहीं रात करीब 9.00 बजे एक हाथी डाउन लाइन पर आ जाने के कारण एक मालगाड़ी 2-3 मिनट तक रुकी रही. इस संबंध में रेलवे के टीपीएम ए शंकर मुंडा ने बताया की उक्त दोनों ही ट्रेन के चालकों ने चाकुलिया स्टेशन पर सुनसुनिया जंगल के पास ट्रैक पर और आसपास हाथी होने की सूचना दी है. इसके मद्देनजर रेल प्रशासन ने भी आदेश जारी कर दिया है, ताकि जंगल क्षेत्र से गुजरने वाली ट्रैक पर ट्रेन की रफ्तार धीमी रखी जाए और हाथियों के साथ किसी तरह की दुर्घटना न हो.




