चाकुलिया: चाकुलिया और धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच बड़कला में नया रेलवे स्टेशन हॉल्ट स्थापित करने की मांग को लेकर जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. सांसद ने रेल मंत्री को इस संबंध में पत्र सौंपकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग से अवगत कराया और बड़कला में रेलवे हॉल्ट के निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया. सांसद ने कहा कि चाकुलिया और धालभूमगढ़ के बीच स्थित बड़कला क्षेत्र आसपास के कई ग्रामीण एवं आदिवासी बहुल इलाकों से जुड़ा हुआ है. इस क्षेत्र में रेलवे हॉल्ट नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रेल सुविधा का लाभ लेने के लिए चाकुलिया अथवा धालभूमगढ़ रेलवे स्टेशन जाना पड़ता है. इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है और समय व संसाधन भी खर्च होते हैं.
उन्होंने रेल मंत्री को बताया कि बड़कला में रेलवे हॉल्ट का निर्माण होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. विशेषकर विद्यार्थी, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी. (नीचे भी पढ़े)
रेलवे हॉल्ट बनने से क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन का बेहतर साधन उपलब्ध हो सकेगा. सांसद ने कहा कि बड़कला में हॉल्ट की स्थापना केवल यात्री सुविधा से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगा. लंबे समय से स्थानीय लोगों की ओर से इस मांग को उठाया जाता रहा है. क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और ग्रामीण आबादी की आवश्यकताओं को देखते हुए यहां रेलवे हॉल्ट की उपयोगिता महत्वपूर्ण है.सांसद विद्युत वरण महतो ने रेल मंत्री से आग्रह किया कि जनहित में बड़कला रेलवे हॉल्ट के निर्माण के प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि रेलवे की यह सुविधा उपलब्ध होने से चाकुलिया-धालभूमगढ़ के बीच स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी लाभ होगा. सांसद ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सुविधा से जुड़े अन्य विषयों पर भी रेल मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराते हुए घाटशिला स्टेशन पर गीतांजली एक्सप्रेस, बंदे भारत एक्सप्रेस, सम्लेश्वरी एक्सप्रेस,आजाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव करने, गालूडीह स्टेशन पर हावड़ा कांताबाजी एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव और चाकुलिया स्टेशन पर क्रिया योगा एक्सप्रेस ट्रेन की ठहराव करने की मांग की है.




