जादूगोड़ा : जादूगोड़ा में यूसिल लेबर यूनियन की एक बैठक यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई. इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे भी बैठक में शामिल हुए एवं यूसिल मजदूरों की समस्याएं सुनीं. इस मौके पर मजदूरों ने कंपनी कर्मचारियों के घरों में गंदे पानी की आपूर्ति का मुद्दा उठाया तथा कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों को शुद्ध पानी तक की आपूर्ति नहीं करती. यूनिफॉर्म व सेफ्टी जूते की आपूर्ति भी वर्ष 2017 से नहीं हुई है. मजदूरों ने श्री पांडे को कैंटीन बार-बार बंद होने एवं उससे कर्मचारियों को होनेवाली परेशानी की जानकारी भी दी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदेश इंटक अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने बताया कि मजदूरों एवं प्रबंधन के बीच बेहतर सामंजस्य बनाने के उद्देश्य से ही वर्ष 1947 में इंटक की स्थापना हुई थी, ताकि दोनों के बीच होनेवाले विवादों को सुलझाकर उद्योगों को बचाया जा सके. उन्होंने बताया कि आज देश में पूरे सात हजार यूनियनें हैं, जिनके साढ़े तीन करोड़ से अधिक मजदूर सदस्य हैं. इस अवसर पर यूसिल लेबर यूनियन के महामंत्री बीरबल सिंह, छोटू माझी, शशि मिश्रा, कुमार सोनू रजक, अनुज कुमार के अलावा कई कमेटी मेंबर भी उपस्थित रहे.











