सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के झिमरी गांव में एक कुड़मी लड़की को मुसलिम युवक द्वारा भगाकर ले जाने के बाद हुए तनाव की घटना के बाद जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो गांव पहुंचे. उनके साथ काफी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता भी मौजूद थे. इन लोगों ने वहां पहुंचने के बाद ग्रामीणों से हालात की जानकारी ली. इस दौरान लोगों ने बताया कि जानबूझकर राजनीतिक षड़यंत्र के तहत उन लोगों को सरकार के कुछ लोगों के दबाव में आकर पुलिस परेशान कर रही है. कई सारी कम उम्र की लड़कियों पर भी केस दायर कर दिया गया है और अब उनको गिरफ्तार करने का दबाव बनाया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि लड़की को जब लड़का लेकर भाग गया था, तब वे लोग लड़के के घर गये थे. (नीचे भी पढ़ें)

उसी दौरान ही मारपीट की घटना घटी थी, जिसके आक्रोश में ही सारी घटना हुई है. सांसद ने सारी बातों को सुना और तत्काल कार्रवाई करने को लेकर राज्य स्तर पर बातें करने की बात कहीं. सांसद ने सरायकेला खरसावां जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर ऐसे लोगों को परेशान किया जायेगा तो वे लोग किसी भी हाल में इसको बरदाश्त नहीं करेंगे और राज्य स्तर पर इसका आंदोलन करेंगे. इस मामले में यह बातें सामने आयी है कि जिस लड़की को भगाया गया था, वह निहायत गरीब लड़की है, जिसको लीवर का इलाज कराने के लिए भगाने वाले लड़के और परिवार के लोगों ने मदद की थी. उसके बाद लड़की को वे लोग लेकर भाग गये और शादी कर ली थी. लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मुसलिम परिवार के लोग वहां अतिक्रमण कर रह रहे है और इस तरह की घटना को अंजाम दे रहे है.











