सरायकेला : कला नगरी सरायकेला में ब्राउन शुगर के बढ़ते धंधे पर नकेल कसने के लिए अब जन प्रतिनिधियों ने भी मोर्चा खोल दिया है. सोमवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी. दोनों जन प्रतिनिधियों ने बताया कि हाल के दिनों में सरायकेला में ब्राउन शुगर के अवैध धंधे में बेतहाशा वृद्धि हुई है. इसकी चपेट में युवा वर्ग और स्कूली बच्चे आ रहे हैं. पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में मौन धारण किये हुए है, जो यहां की ऐतिहासिक छवि के लिए ठीक नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध छऊ के लिए विख्यात सरायकेला के अस्तित्व के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. इसकी जड़ों को कमजोर करने की साजिश रची जा रही है. जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने पुलिस- प्रशासन को नसीहत देते हुए कहा कि यदि नशे के इस कारोबार पर नकेल नहीं कसी गई तो उग्र जनांदोलन शुरू किया जाएगा. वहीं विधायक प्रतिनिधि सनंद कुमार आचार्य ने बताया कि इसकी शिकायत सभी संबंधित विभागों से की गई है. जरूरत पड़ने पर अब सड़क पर उतरने का काम भी किया जाएगा. उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि क्षेत्र में ब्राउन शुगर का कारोबार बंद नहीं हुआ तो वे किसी भी हद तक जा सकते हैं.











