आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड 9-10 स्थित मीरुडीह और वार्ड 24 के गोकुलनगर में लंबे समय से व्याप्त बिजली समस्याओं को लेकर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों के प्रतिनिधि मंडल ने विद्युत विभाग अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार से मिलकर एक मांग पत्र सौंपा. पुरेन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि मीरुडीह में 250 सीमेंट पोल बीते एक साल से लगाकर छोड़ दिया गया है. इसमें जंक्शन बॉक्स और केबलिंग का कार्य बाकी है. इसके अलावा आसपास क्षेत्र में पोल नहीं होने के चलते लोग बांस – बल्ली के सहारे तारों से कनेक्शन लेने को मजबूर हैं. पुरेन्द्र ने बताया कि मीरुडीह में अतिरिक्त 200 सीमेंट पोल, जंक्शन बॉक्स और केबलिंग किए जाने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही 200 केवीए के 2 अतिरिक्त नए ट्रांसफार्मर लगाने की भी आवश्यकता है, जिससे यहां के विद्युत उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और पावर कट की समस्या से निजात मिल सके. अधीक्षण अभियंता से मुलाकात के दौरान पुरेन्द्र नारायण सिंह ने बताया कि स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं के समस्या को देखते हुए मीरुडीह हनुमान मंदिर के पास 24 मई को विशेष विद्युत सुधार कैंप लगाया जाएगा, जिसमें नए विद्युत कनेक्शन आवेदन,बिल सुधार गड़बड़ी समेत अन्य विद्युत समस्याओं का निपटारा किया जाएगा. मौके पर मौजूद अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने बताया कि कैंप में नए विद्युत कनेक्शन आवेदन के लिए उपभोक्ताओं को आधार कार्ड, वोटर कार्ड, फोटो ,होल्डिंग टैक्स कागजात लाना अनिवार्य है. (नीचे भी पढ़ें)
अधीक्षण अभियंता से मुलाकात के दौरान पुरेंद्र नारायण सिंह समेत वार्ड 24 स्थित स्थानीय गोकुलनगर वासियों ने विद्युत समस्या को लेकर 25 सीमेंट पोल लगाने, तारों के केबलिंग करने की मांग की ताकि सुचारू विद्युत व्यवस्था बनी रहे. अधीक्षण अभियंता कार्यालय में बैठक के उपरांत कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार को समस्याओं को लेकर निर्देश दिया गया जिसके बाद कार्यपालक अभियंता ने संबंधित एजेंसी के साथ बैठक कर बिजली समस्या दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. प्रतिनिधिमंडल में देव प्रकाश, संतोष कुमार, प्रभाष झा, सत्येंद्र प्रभात, मुकेश गिरी, राजेश यादव, संतोष सिंह, सकला मार्डी, विमल दास, संदीप ठाकुर, विंध्याचल कुमार, सूरजभान पाल, मिथिलेश झा, उज्ज्वल महतो, चंदन आदि मौजूद थे.











