हजारीबाग: हजारीबाग में सोमवार की सुबह रांची-पटना मार्ग पर एक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में राजश्री नामक यात्री बस खाई में पलट गयी. जिससे 9 यात्री घायल हो गए. इसमें तीन लोगों की हालत गंभीर बतायी जाती है. घटना के संबंध में बताया जाता है कि बस पटना से हजारीबाग आ रही थी.दुर्घटना के समय बस में यात्रियों की संख्या कम थी. यात्रियों ने बताया कि बस को खलासी चला रहा था. तेज रफ्तार में खलासी ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क के किनारे गहरे खाई में जा गिरी. (नीचे भी पढ़े)
घटना के बाद चालक व खलासी समेत अन्य स्टाफ फरार हो गए. यात्रियों ने बताया कि वे लोग किसी तरह बस का शीशा तोड़कर बाहर निकले. घटना की जानकारी मिलने के बाद पदमा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरु किया. सभी घायलों को शेख भिखारी मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज जारी है. घायलों ने हादसे की जानकारी बस संचालक को दी, लेकिन बस संचालक मौके पर नहीं पहुंचा. घायलों ने बस संचालक से मुआवजे की मांग की. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.











