सरायकेला : आदिवासी छात्र एकता केंद्रीय कमेटी ने आदित्यपुर क्षेत्र में जियाडा द्वारा इंडस्ट्रियल एरिया में हुए अतिक्रमण को हटाने के आदेश का विरोध किया है, कमेटी की ओर से इस संबंध में जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक को एक मांग पत्र सौंपते हुए इंडस्ट्रियल एरिया से अतिक्रमण हटाने का पुरजोर विरोध किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
संगठन के अध्यक्ष संजय हेम्ब्रम ने ज़ियाडा के फरमान को गैर कानूनी और आदिवासी-मूलवासी विरोधी बताया. उन्होंने जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक से विस्थापितों के पुनर्वास का ब्यौरा मांगा साथ ही पार्किंग स्थल कहां बनाया गया है, इसकी भी जानकारी मांगी है. उन्होंने बताया कि जियाडा के अधिकार क्षेत्र में विस्थापित आदिवासी-मूलवासी वर्षों से छोटी-मोटी दुकानें खोलकर रोजगार चला रहे हैं, जिन्हें जियाडा उजाड़ना चाहती है. संजय हेंब्रम ने कहा कि ऐसा हरगिज नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने अतिक्रमण हटाओ अभियान का पुरजोर विरोध करने की बात भी कही.











