जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना अंतर्गत न्यू रोड में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायल युवकों का टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आदित्य कुमार सिंह, आदित्य ठाकुर और सुमित अपराह्न 3:00 बजे के करीब घर से निकले थे. बताया जाता है कि आज आदित्य कुमार सिंह का बर्थडे था. सुमित और आदित्य ठाकुर आदित्य सिंह का बर्थडे सेलिब्रेट करने के क्रम में गोविंदपुर न्यू रोड में फोटो खींच रहे थे. इसी दौरान तीनों बोरिंग गाड़ी की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

दुर्घटना के तुरत बाद तीनों को आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमित को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया है. बताया जाता है कि आदित्य सिंह किसी दुकान में काम करता है, जबकि आदित्य ठाकुर दसवीं का छात्र है. वैसे अस्पताल सूत्रों की मानें तो आदित्य सिंह की स्थिति भी बेहद नाजुक बनी हुई है. फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है.











