जमशेदपुर: जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैरेज कॉलोनी मुस्लिम बस्ती में चापड़ से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है. घटना रविवार रात मदरसा के पास की बताई जा रही है. घायल युवक मो. साजिद की ओर से बर्मामाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई गयी है . प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. (नीचे भी पढ़ें)
ये हैं नामजद आरोपी : मामले में जिन लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमें अंगुरी, रेहान, अलाउद्दीन, अरमान, शाहबाज, सलाउद्दीन समेत अन्य का नाम शामिल है. सभी आरोपी पीड़ित साजिद के पड़ोस में ही रहते हैं.
जान से मारने की नीयत से किया हमला : प्राथमिकी में मो. साजिद ने बताया कि रविवार रात आरोपियों ने एकजुट होकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों के हाथ में चापड़ था, जिससे साजिद पर वार किया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी.
पुलिस कर रही मामले की जांच : बर्मामाइंस थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है. घायल साजिद का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है.











