जमशेदपुर: जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक में डूबे दूसरे छात्र नितिन गोराई का भी शव मंगलवार दोपहर निकाला गया. सोमवार की शाम को नहाने के दौरान डूबे मानगो रामकृष्ण कॉलोनी निवासी चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र नितिन गोराई (17) का शव मंगलवार दोपहर करीब 12.45 बजे सोनारी के गोताखोरों ने निकाला. शव को बाहर निकालते ही उसके पिता शिबू गोराई, ईचागढ़ निवासी मामा मंटू गोराई व नाना आदि फफक फफक कर रो पड़े. इस दौरान पटमदा डीएसपी वचन देव कुजूर, बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार, बोंटा पंचायत के मुखिया हरिपद किस्कू, शिक्षक चैतन मुर्मू, सुमित कुमार तिवारी, सोम मार्डी, भोला मार्डी, उमेश चंद्र महतो समेत काफी संख्या में लोग मौजूद थे. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में नितिन के शिक्षक मामा मंटू गोराई बताते हैं कि उन्होंने अपने इकलौता भांजा की बचपन से परवरिश की थी और चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज में एडमिशन कराया था. सोमवार को ही उसे कॉलेज जाना था लेकिन कॉलेज नहीं गया. उसके पिता शिबू गोराई मानगो में चाय की दुकान चलाते हैं. अपने इकलौता पुत्र के मौत से परिजन सदमे में हैं. गौरतलब है कि मंगलवार सुबह सबसे पहले प्रतीक जगत का शव डिमना लेक से निकाला गया था.











