जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा लोकमाता रानी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी जोरों पर है. इस ऐतिहासिक अवसर को स्मरणीय बनाने हेतु पार्टी 21 से 31 मई तक “अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान” चला रही है. इसको लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक साकची स्थित जिला कार्यालय में सम्पन्न हुई. बैठक में जिला पदाधिकारी समेत विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षगण मौजूद रहे. बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और सुझावों के आधार पर आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई. कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए निर्णय लिया गया कि आगामी 21 मई बुधवार को संध्या 4:30 बजे जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में एक भव्य जयंती समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी शामिल होंगे. इस अवसर पर जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को धर्म, न्याय और राष्ट्रधर्म का सजीव प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय सनातन संस्कृति की पुनर्स्थापना में ऐतिहासिक भूमिका निभाई. विदेशी आक्रांताओं के दौर में काशी से लेकर रामेश्वरम तक अनेक तीर्थ स्थलों का पुनरुद्धार कर उन्होंने राष्ट्र और संस्कृति की सेवा की, जो इतिहास में अद्वितीय उदाहरण है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में अहिल्याबाई होल्कर जयंती को प्रमुखता से मनाया जा रहा है. इस निमित्त जमशेदपुर में 21 मई को संध्या 4:30 बजे बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. कार्यक्रम में जमशेदपुर महानगर के सभी मंडलों से कार्यकर्ता अपने मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में भाग लेंगे. वहीं, कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी भी शामिल रहेंगे. सुधांशु ओझा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है. इस दौरान बैठक में जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा, जिला महामंत्री अनिल मोदी, संजीव सिंह, जिला मंत्री विजय तिवारी, मिली दास, भाजयुमो अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष सागर राय, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ, एसटी मोर्चा अध्यक्ष रमेश बास्के, एस सी मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी, सोशल मीडिया संयोजक ज्ञान प्रकाश, सह संयोजक कौस्तव राय, अमित सिंह, आईटी सेल सह संयोजक किशोर ओझा, सह कार्यालय मंत्री संजीत चौरसिया समेत अन्य मौजूद रहे.











