जमशेदपुर : मानगो में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने एनएच 33 की दुकानों में प्लास्टिक के विरुद्ध छापामारी की गई. उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध हुई उक्त छापामारी के दौरान 3 किलो प्लास्टिक एवं दो बोरा प्लास्टिक के ग्लास जब्त किये गये. नगर निगम अधिकारियों ने इसके साथ ही तीन हजार रुपए जुर्माना भी वसूला. वहीं प्लास्टिक रखने वाले स्ट्रीट वेंडरों व ट्रेड लाइसेंस नहीं रखने वाले दुकानदारों, प्रतिष्ठान मालिकों को चेतावनी देते हुए प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने एवं प्लास्टिक के थैलों में सामान नहीं देने की हिदायत भी दी गई. इस दौरान नगर निगम की ओर से सभी थोक एवं खुदरा विक्रेताओं से अपील की गई कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें. (नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि इस संदर्भ में नगर निगम की ओर से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए विगत आठ महीनों से लगातार माइकिंग कर अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद दुकानों में लगातार प्लास्टिक पाया जा रहा है. उप नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि यदि किसी भी दुकान में या पथ विक्रेताओं के पास प्लास्टिक पाया जाता है तो उसका वेंडर लाइसेंस एवं ट्रेड लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा. मौके पर नोडल पदाधिकारी कार्यालय कर्मी, रोहित एक्का, सुजीत कुमार सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.











