जमशेदपुर: जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालुबासा स्थित रवि मेडिकल के समीप बुधवार की दोपहर लगभग 3:30 बजे एक महिला से सोने की चेन की छिनतई की घटना को अंजाम देकर एक बाइक सवार बदमाश फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है
. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, बारीडीह के आदर्शनगर बी ब्लॉक टीओपी मैदान के पास की रहने वाली पूजा कुमारी नामक महिला किसी कार्यवश पैदल ही रवि मेडिकल की ओर आई थीं. वापस लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार करने लगीं, उसी दौरान एक बाइक सवार युवक तेजी से आया और उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लेकर फरार हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
पूजा कुमारी ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह कुछ समझ ही नहीं पाईं. जब तक वह कुछ कहतीं, आरोपी बाइक लेकर आंखों से ओझल हो चुका था. इस घटना के बाद वह घबराई हुई स्थिति में सीतारामडेरा थाना पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के दुकानों व घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू किया. पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले से रेकी की थी और मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया. घटनास्थल के आस-पास स्थित एक दुकान से फुटेज में एक संदिग्ध बाइक सवार को जाते हुए देखा गया है, जिसकी पहचान की जा रही है.











