जमशेदपुर : जमशेदपुर पर्यावरण क्षेत्र की अग्रणी मासिक पत्रिका युगांतर भारती और स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 4 जून को आयोजित होने वाले पर्यावरण जागरुकता प्रतियोगिता की तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं. इस प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों और उनके अभिभावकों का जोश दिखता ही बन रहा है. आयोजन समिति से जुड़े अशोक गोयल, आशुतोष राय, एसपी सिंह और पवन सिंह ने बताया कि 4 जून को वो बच्चे भी ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं, जो किन्हीं कारणों से अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं करा सके. इसके लिए उन्हें जमशेदपुर के साकची स्थित राजेंद्र विद्यालय में दोपहर 1.30 बजे तक हर हाल में पहुंच कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा. चित्रांकन, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं दोपहर दो बजे से प्रारंभ हो जाएंगी. प्रतियोगिता शुरु हो जाने के बाद कोई रजिस्ट्रेशन नहीं होगा. समिति के सदस्यों ने बताया कि 15 दक्ष लोगों की ज्यूरी बनाई गई है जो सभी प्रतियोगिताओं में अंतिम निर्णय देंगे और जो सभी के लिए मान्य होगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें चित्रकला प्रतियोगिता में विप्लव राय, अशोक माइती, प्रिया सिंह, मधु सिंह और अनिल चौधरी जज होंगे. इसी प्रकार भाषण प्रतियोगिता में रीना कुमारी, मनीषा कुमारी, विनोद कुमार सिंह, सुजय कुमार भट्टाचार्य और सुजीत कुमार मिश्रा जज होंगे. क्विज प्रतियोगिता के जज अंजनी कुमार, मेरी ऐन प्रिया, कौशिक दत्ता, कुमारी राखी और आशुतोष लाल दास हैं. गौरतलब है कि इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति अंजिला गुप्ता हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय करेंगे. विशिष्ट अतिथि दिनेश मिश्र और बी चंद्रशेखरन होंगे जबकि सम्मानित अतिथि के रुप में डॉ डीपी शुक्ला और प्रज्ञा सिंह मौजूद होंगे.











