जमशेदपुर : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम पर आधारित शांतिपूर्ण योग सत्र के साथ 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया. आयुष मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रीय ‘योग संगम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मानव स्वास्थ्य और प्रकृति के बीच के गहरे संबंध को आत्मसात किया गया. अनुभवी योग प्रशिक्षक डॉ अनिल रॉय के नेतृत्व में आयोजित इस योग सत्र में जूलॉजिकल पार्क के विभिन्न विभागों से जुड़े कर्मचारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें कार्यालय कर्मी, पशु देखभाल दल और सुरक्षा स्टाफ शामिल थे. जुलॉजिकल पार्क की हरियाली और शांत वातावरण के बीच प्रतिभागियों ने शारीरिक लचीलापन, मानसिक शांति और संतुलित श्वसन क्रिया को बढ़ावा देने वाले सरल योग अभ्यासों में भाग लिया. कार्यक्रम के अंत में एक संक्षिप्त प्रेरणादायक संबोधन में नियमित योग अभ्यास के माध्यम से समग्र रूप से बेहतर स्वास्थ्य और जीवनशैली पर बल दिया गया. यह आयोजन जुलॉजिकल पार्क की समग्र स्वास्थ्य, पर्यावरणीय संतुलन और सामुदायिक भावना के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा. योग सत्र में उपनिदेशक डॉ नईम अख्तर और डॉ एम पालित की भी उपस्थिति रही.











