पटना: भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़ने के बाद चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने अब प्रशांत किशोर की अगुवाई वाली जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है. सोमवार को पटना के शेखपुरा हाउस में प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप को पार्टी की सदस्यता दिलाई. जिसके बाद मनीष कश्यप भावुक नजर आए. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “मेरे पास शब्द नहीं है, कुछ नहीं बोल पा रहा हूं.वहीं इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा कि मनीष बिहार का वो लड़का है, जो इसे बदलना चाहता है ताकि आने वाली पीढ़ियों को बिहारी कहलाना अपमान न लगे. किशोर ने कहा कि मनीष किसी बड़े उद्योगपति के बेटे नहीं हैं बल्कि उसने संघर्ष और मेहनत से अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने मनीष कश्यप की भूमिका को पार्टी में अहम बताते हुए कहा कि वे बदलाव की आवाज हैं.(नीचे भी पढ़े)
मनीष कश्यप ने इस दौरान जनसभा को संबधित किया और कहा कि हम भाजपा में 13 महीने थे लेकिन बिहार की सच्चाई किसी से छिपी नहीं है. यहां लूट मची है. बिहार को सुरक्षित करने के लिए जन सुराज की सरकार बनाना जरूरी है. उन्होंने आगे कहा 2025 का विधानसभा चुनाव बिहार के भाग्य का चुनाव है. प्रशांत किशोर को मौका दीजिए हम पूरे विश्वास से कह सकते हैं कि आने वाले 5 साल बिहार के युवाओं, किसानों और आम लोगों के होंगे. सूत्रों के अनुसार ऐसा कहा जा रहा है कि मनीष कश्यप जन सुराज पार्टी से पश्चिम चंपारण जिले की चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं. जानकारी के लिए बता दें कि मनीष कश्यप ने 25 अप्रैल 2024 को भाजपा की सदस्यता ली थी. लेकिन केवल डेढ़ सालों के बाद ही यानी 7 जून 2025 को उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए उन्होंने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी थी.



