जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार (डीसी ऑफिस) में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में पूर्वी सिंहभूम के अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) संजीव कुमार चौधरी द्वारा विशेष जिला परामर्शदात्री समिति (डीसीसी) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में अपर उपायुक्त (एडीसी) भागीरथ प्रसाद, आरबीआइ एलडीओ गौरव कुमार, नाबार्ड डीडीएम जस्मिका बास्के सहित विभिन्न विभागों और बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में 01 जुलाई से 30 सितंबर तक जिले में चलाए जा रहे वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई. इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पंचायत स्तर पर विशेष केंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से नए जनधन खाते खोले जाएंगे, पुराने खातों का रि-केवाइसी किया जाएगा, खातों में नामांकित व्यक्ति (नॉमिनी) जोड़े जाएंगे, तथा पीएमजेजेबीवाइ, पीएमएसबीवाइ और एपीवाई जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा. इसके साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि सभी पंचायतों में बैंक शाखाओं का पंचायतवार आवंटन कर दिया गया है और प्रत्येक शाखा अपने निकटवर्ती पंचायत भवन में कैंप आयोजित कर इन कार्यों को संपन्न करेगी. उपायुक्त द्वारा सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों को निर्देशित किया गया कि वे आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करें ताकि जिले में समावेशी वित्तीय सेवाओं की पहुंच हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके.



